केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सोमवार को हरियाणा में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करना था लेकिन पार्टी के एक नेता के मुताबिक वह अस्वस्थ हैं और सभाओं में शामिल नहीं हो सके। हरियाणा में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अंतिम चरण में है।
शाह को सोमवार को फतेहाबाद के टोहाना, सिरसा के ऐलनाबाद और हिसार के नारनौंद में सभाओं को संबोधित करना था। सिरसा से भाजपा की लोकसभा सदस्य सुनीता दुग्गल ने बताया, ‘‘अमित शाह जी अस्वस्थ हैं और किसी भी रैली को संबोधित नहीं कर पाएंगे।’’
हरियाणा: राहुल का PM पर वार, बोले- अडानी और अंबानी के लाउडस्पीकर हैं मोदी
उन्होंने कहा कि शाह की अनुपस्थिति में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर समेत अन्य भाजपा नेताओं ने टोहाना तथा ऐलनाबाद में रैलियों को संबोधित किया। दुग्गल ने कहा कि शाम को नारनौंद में होने वाली रैली को भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
टोहाना और नारनौंद से क्रमश: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला और प्रदेश सरकार के मंत्री कैप्टन अभिमन्यु विधायक हैं, वहीं ऐलनाबाद से इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला विधायक हैं। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि हरियाणा में शाह की 16 अक्टूबर को होने वाली रैलियों के लिए तैयारियां चल रही हैं।