वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर भारत समेत दुनिया के लगभग हर देशों में फैल चुका है। वायरस का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारत में भी संक्रमितों और मृतकों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। कोरोना के फैलाव को रोकने के लिए सरकार के तरफ से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है लेकिन कोरोना से संक्रमितों का आंकड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार तक भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 37300 को पार कर चुकी है वहीं अब तक इस महामारी से 1200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार शनिवार को भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 37336 तक पहुंच गई है वहीं अब तक 1218 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 2293 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 37 हजार के पार पहुंच गयी है । इस दौरान कोरोना संक्रमण के कारण 71 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 1218 हो गया है। मंत्रालय के अनुसार 24 घंटे के दौरान संक्रमितों के सबसे अधिक मामले शनिवार को सामने आए हैं।
शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक कोरोना से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की रफ्तार भी तेज हुई है और 37336 मामलों में 26167 कोरोना के सक्रिय केस हैं और 9950 ऐसे मरीज हैं जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। हालांकि संक्रमितों और मृतकों की संख्या में शुक्रवार की तुलना में शनिवार को बढ़ोतरी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की जारी रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस का प्रकोप देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैल चुका है। इस वायरस का प्रकोप कई राज्यों में अधिक देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र इस वायरस से सबसे अधिक प्रभावित राज्य के रूप में सामने आया है।
देश में संक्रमितों के कुल मामलों में 111 विदेशी नागरिक शामिल हैं। इस वायरस से शुक्रवार की शाम से हुईं मौतों के मामलों में महाराष्ट्र से 26, गुजरात से 22, मध्य प्रदेश से आठ, राजस्थान से चार, दिल्ली से दो और उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और तमिलनाडु से एक-एक मामला शामिल है। इस वायरस से सबसे अधिक 485 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद गुजरात में 236, मध्य प्रदेश में 145, राजस्थान में 62, दिल्ली में 61, उत्तर प्रदेश में 42 और पश्चिम बंगाल तथा आंध्र प्रदेश में 33-33 लोगों की मौत हुई है।
तमिलनाडु में मृतकों की संख्या 26 है जबकि कर्नाटक में इस महामारी से 22 मरीजों की मौत हुई है। पंजाब में 19 लोगों को इस महामारी से जान गंवानी पड़ी है जबकि जम्मू कश्मीर में आठ, केरल तथा हरियाणा में चार-चार तथा झारखंड और बिहार में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक मरीज की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में सबसे अधिक 11,506 मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। इसके बाद गुजरात में 4,721, दिल्ली में 3,738 और मध्य प्रदेश में 2,719 मामले हैं।
राजस्थान में 2,666 मामले सामने आए हैं। तमिलनाडु में 2,526 और उत्तर प्रदेश में 2,328 मामले हैं। आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के मामलों की संख्या 1,463 है जबकि तेलंगाना में 1,039 मामले हैं। पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 795, जम्मू कश्मीर में 639, कर्नाटक में 589, केरल में 497, पंजाब में 480 और बिहार में 471 है। हरियाणा में 360 मामले और ओडिशा में 149 मामले सामने आए हैं।
झारखंड में वायरस से 111 लोग और चंडीगढ़ में 88 लोग संक्रमित हुए हैं। उत्तराखंड में 58 मामले सामने आए हैं। असम और छत्तीसगढ़ में 43-43 जबकि हिमाचल प्रदेश में 40 लोग संक्रमित हैं। अंडमान निकोबार द्वीप समूह में कोविड-19 के 33 मामले जबकि लद्दाख में 22 मामले हैं। मेघालय में इस वायरस से 12, पुडुचेचरी में आठ जबकि गोवा में सात लोग संक्रमित हैं। मणिपुर और त्रिपुरा में दो-दो मामले, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक मामला सामने आया है।
पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, दो जवान हुए शहीद
बता दें कि कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के तरफ से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए देशभर में लॉकडाउन दो हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। अभी तक लॉक डाउन को तीन मई को खत्म करने की योजना थी। मगर कोरोना के लगातार बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए इसे अब 17 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है।
इस दौरान लॉकडाउन के तीसरे चरण के लिए नई गाइडलाइंस जारी होगी। इस नई गाइडलाइंस में रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन में बांटे जिलों में होने वाली गतिविधियों को लेकर सूचना दी जाएगी। ग्रीन और ऑरेंज जोन वाले जिलों को लॉकडाउन के दौरान कुछ रियायतें भी मिलेंगी। देशभर में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा संक्रमण वाले इलाकों में आवाजाही पर बंदिशों के साथ लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है। इसके अलावा सोशल डिस्टैन्सिंग का पालन करना भी अनिवार्य कर दिया गया है।