कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर अंदरूनी कलह के बीच 28 दिसंबर को पार्टी 136वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश हित की आवाज उठाने के लिए कांग्रेस शुरू से प्रतिबद्ध रही है।
देश हित की आवाज़ उठाने के लिए कांग्रेस शुरू से प्रतिबद्ध रही है।
आज कांग्रेस के स्थापना दिवस पर, हम सच्चाई और समानता के अपने इस संकल्प को दोहराते हैं।
जय हिंद!#CongressFoundationDay pic.twitter.com/LCJvcABYh1
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) December 28, 2020
राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “देश हित की आवाज़ उठाने के लिए कांग्रेस शुरू से प्रतिबद्ध रही है। आज कांग्रेस के स्थापना दिवस पर, हम सच्चाई और समानता के अपने इस संकल्प को दोहराते हैं। जय हिंद!”
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि किसान नये कृषि कानूनों से उपजे संकट के कारण आंदोलन कर रहे हैं और सरकार को अपनी जवाबदेही का निर्वहन करते हुए उनसे बात करनी चाहिए।
प्रियंका ने कांग्रेस स्थापना के 135 वर्ष पूरे होने पर यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से कहा कि सरकार को किसानों से बात करनी चाहिए, उनकी बात सुननी चाहिए और किसान विरोधी तीनों कानून वापस लेना चाहिए।
कांग्रेस ने आज अपनी स्थापना के 135 साल पूरा होने के अवसर पर यहां एक कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें प्रियंका सहित पार्टी के कई बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान ध्वज फहराया गया और सभी नेताओं ने मिलकर राष्ट्रगान गाया। कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस पर सोमवार से उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ता ‘कांग्रेस संदेश पदयात्रा’ निकालेंगे। पार्टी की तरफ से यह जानकारी दी गई।
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया संयोजक ललन कुमार ने रविवार को बताया कि दल की महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के निर्देश पर पार्टी के 136वें स्थापना दिवस पर सोमवार से तीन दिवसीय ‘कांग्रेस संदेश पदयात्रा’ शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘खेत और किसान की रक्षा’ के लिये निकाली जाने वाली ये पदयात्राएं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली जाएंगी, जिनमें आम जनता भी हिस्सा लेगी।