मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में नाबालिग दलित लड़की को स्कूल जाने से रोकने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। स्थानीय लोगों के एक समूह ने यह कह कर लड़की को स्कूल जाने से रोका कि अन्य लड़कियां भी स्कूल नहीं जाती हैं। इसका दलित लड़की के परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। जिसके बाद दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें कुछ लोग घायल भी हो गए।
कोतवाली थाना प्रभारी अवधेश कुमार शेषा ने शिकायत के हवाले से बताया कि घटना उस समय हुई जब अनुसूचित जाति समुदाय की 16 वर्षीय एक लड़की शनिवार दोपहर स्थानीय स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने लड़की का रास्ता रोका, उसका बस्ता छीना और उससे स्कूल नहीं जाने को कहा।
लड़की के स्कूल जाने पर दो पक्षों के बीच खूनी झड़प, जमकर चले लाठी-डंडे
लोगों ने कहा कि गांव की अन्य लड़कियां भी स्कूल नहीं जाती हैं। बाद में लड़की के परिवार के लोगों और आरोपियों के परिजन के बीच इसी बात पर झड़प हो गई। उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।